पूर्वांचल भवन के संचालन को लेकर नगर निगम सभागार में सकारात्मक बैठक सम्पन्न, सदस्यता हुई प्रारम्भ

गाजियाबाद नगर निगम द्वारा निर्मित पूर्वांचल भवन के संचालन एवं सदस्यता अभियान को लेकर आज नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मालिक जी के अध्यक्षता में पूर्वांचल समाज के सम्मानित सदस्यों की उपस्थिति में एक सकारात्मक एवं सार्थक बैठक आयोजित की गई। बैठक में गाजियाबाद के विभिन्न क्षेत्रों से पूर्वांचल एवं बिहार परिवार के दर्जनों गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में पूर्वांचल भवन के संचालन, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार तथा समाज की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पूर्वांचल भवन की सदस्यता के लिए अजीवन सदस्यता शुल्क ₹11,000, विशेष सदस्यता शुल्क ₹5,100 तथा साधारण सदस्यता शुल्क ₹2,100 निर्धारित किया जाएगा।
नगर आयुक्त महोदय के साथ उपस्थित सभी सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की तथा पूर्वांचल समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया। बैठक के दौरान ही कई सदस्यों ने ऑनलाइन भुगतान कर पूर्वांचल भवन की अजीवन सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर पुरबिया जनकल्याण परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष रीता सिंह, प्रवक्ता जय दीक्षित, उपाध्यक्ष कंचन तिवारी, संजीव सिंह, तिलकराम पाण्डेय, सुभाष सिंह सहित कई सदस्यों ने अजीवन सदस्यता लेकर समाज के लोगों से भी पूर्वांचल भवन से जुड़ने एवं सदस्यता ग्रहण करने का आह्वान किया।
पूर्वांचल बिहार के उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि पूर्वांचल भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि पूर्वांचल समाज की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं साहित्यिक पहचान का केंद्र बनेगा, जहां समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
बैठक का समापन समाज की एकता, सहभागिता एवं पूर्वांचल भवन के सफल संचालन के संकल्प के साथ हुआ। इस मौके पर मनोज मुंगेरी, राकेश तिवारी, राजाराम मौर्य, सुजीत तिवारी, सुभाष सिंह, अमन शर्मा, आशीष कुमार, कैप्टन गोपाल, पिंटू सिंह सहित कई सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।

Comments