शहीदों को नमन, जनआक्रोश की हुंकार—24 मार्च को रामलीला मैदान में जुटेंगे मजदूर-किसान गंगेश्वर दत्त शर्मा माकपा नेता
सीपीएम (माकपा) गौतम बुद्ध नगर कमेटी
नोएडा | दिनांक: 23 मार्च 2026
नोएडा :- सेक्टर-8, नोएडा स्थित कार्यालय पर सीटू एवं सीपीएम कार्यकर्ताओं ने देश की आज़ादी के अमर क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, त्याग और क्रांतिकारी विचारों को नमन किया।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा एवं माकपा जिला सचिव रामसागर ने कहा कि इन महान शहीदों ने न केवल देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, बल्कि एक ऐसे न्यायपूर्ण, समानतामूलक और शोषणमुक्त समाज का सपना भी देखा था। आज के दौर में जब मजदूर, किसान और आम जनता अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब इन क्रांतिकारियों के विचार हमें संघर्ष की नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि देश के श्रमिकों, किसानों और आम नागरिकों के अधिकारों पर निरंतर आघात हो रहा है। इन परिस्थितियों में जनसंघर्ष को तेज करना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
इसी कड़ी में 24 मार्च 2026 को प्रातः 10:00 बजे से , नई दिल्ली में एक विशाल “जन आक्रोश रैली” आयोजित की जा रही है। यह रैली मजदूरों, किसानों और आम जनता के ज्वलंत मुद्दों को उठाने तथा उनके अधिकारों की आवाज़ बुलंद करने का एक निर्णायक प्रयास होगी। सभी जनसंगठनों, प्रगतिशील शक्तियों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर इस जनआंदोलन को मजबूत बनाएं।
सभा में माकपा के वरिष्ठ नेताओं—भीखू प्रसाद, भरत डेंजर, अरुण पटेल, हरकिशन सिंह, रमाकांत सिंह सहित अन्य साथियों ने भी अपने विचार रखते हुए रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
आयोजकों ने बताया कि रैली की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे जनपद में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मीडिया हेतु विशेष आमंत्रण
सीपीएम गौतम बुद्ध नगर कमेटी की ओर से सभी प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल/सोशल मीडिया के सम्मानित पत्रकार बंधुओं को सादर आमंत्रित किया जाता है कि वे इस महत्वपूर्ण जनआंदोलन की कवरेज हेतु उपस्थित होकर इसे व्यापक जनमानस तक पहुंचाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम: जन आक्रोश रैली
तिथि: 24 मार्च 2026
समय: प्रातः 11:00 बजे
स्थान: रामलीला मैदान नई दिल्ली
आपकी गरिमामयी उपस्थिति इस जनआवाज़ को और अधिक सशक्त बनाएगी
Comments
Post a Comment