नोएडा, गांव बरौला, सेक्टर-49 नोएडा स्थित जूनियर हाई स्कूल पार्क में आज जन मुद्दों पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआईएम) की ओर से जनसभा और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 24 मार्च को रामलीला मैदान, नई दिल्ली में आयोजित होने वाली जन आक्रोश रैली की तैयारी के अभियान के तहत आयोजित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए सीपीएम पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व सांसद पूर्व शिक्षा मंत्री केरल सरकार कॉमरेड एम ए बेबी ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां कॉर्पोरेट घरानों के हित में हैं जबकि मेहनतकश जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बड़ी संख्या में 24 मार्च को रामलीला मैदान, नई दिल्ली में आयोजित जन आक्रोश रैली में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करें।
जनसभा के दौरान जन मुद्दों पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया।
सभा को सीपीएम दिल्ली राज्य सचिव कामरेड अनुराग सक्सैना, सचिव मंडल सदस्य बृजेश कुमार सिंह, राजीव कुंवर, जिला सचिव रामसागर, जिला कमेटी सदस्य गंगेश्वर दत्त शर्मा, रामस्वारथ, मुकेश कुमार राघव, रेखा चौहान आदि ने भी संबोधित किया। और 24 मार्च रामलीला मैदान में होने वाली जन आक्रोश रैली में भारी संख्या में हिस्सेदारी करने की अपील किया। नाटक के कार्यक्रम जन नाट्य मंच के कलाकारों ने प्रस्तुत किये।
Comments
Post a Comment