आईपीए का बुक एक्सचेंज मेला बना पेरेंट्स के लिए आर्थिक राहत का केंद्र
Ghaziabad :-राजनगर एक्सटेंशन स्थित ओरा कायमेरा सोसायटी में इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन, राजनगर एक्सटेंशन ट्रस्ट, सॉलिड रूफ एवं सहायता संपर्क समूह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क बुक एक्सचेंज मेले के दूसरे दिन अभिभावकों का उत्साह चरम पर देखने को मिला। मेले में 2000 से अधिक अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर पुस्तकों का आपसी आदान-प्रदान किया
मेले में स्कूल पाठ्यक्रम की किताबों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी पुस्तकों का भी बड़े स्तर पर एक्सचेंज हुआ। छात्रों और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी जरूरत की किताबें प्राप्त कीं, जिससे उनकी शैक्षणिक तैयारी को नई दिशा मिली। आईपीए के उपाध्यक्ष विनय कक्कड़ बताया कि इस पहल का उद्देश्य न केवल अभिभावकों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करना है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सार्थक कदम उठाना है। पुराने पुस्तकों के पुनः उपयोग से कागज की बचत होती है, जिससे पेड़ों की कटाई पर भी रोक लगती है।
मेले में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि समाज इस प्रकार की सकारात्मक और उपयोगी पहल को खुले दिल से स्वीकार कर रहा है आयोजकों ने सभी अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
Comments
Post a Comment