बोर्ड की परीक्षाओं के लिए अभिभावक सकारात्मक माहौल बनाकर बच्चों का बढ़ाए हौसला - सीमा त्यागी

तनाव मुक्त होकर दें बच्चे बोर्ड की परीक्षा — सीमा त्यागी



 Ghaziabad :- बोर्ड परीक्षाओं का समय प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन में महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। कल से बच्चों की बोर्ड परीक्षा प्रारंभ हो रही है इस अवसर पर इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा त्यागी ने बोर्ड की परीक्षा देने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बच्चे किसी भी प्रकार के तनाव या दबाव में आए बिना आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। परीक्षा जीवन का एक हिस्सा है, जीवन नहीं। अंक महत्वपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की तुलना दूसरों से न करें, बल्कि उनकी मेहनत और प्रयासों की सराहना करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिनों में घर का वातावरण शांत और प्रेरणादायक होना चाहिए। बच्चों को पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और नियमित विश्राम का समय अवश्य दिया जाए। मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए पढ़ाई की सुनियोजित दिनचर्या अपनाने की सलाह भी दी गई।
सीमा त्यागी ने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए उनका मनोबल बढ़ाएं और सकारात्मक मार्गदर्शन दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे को अत्यधिक तनाव महसूस हो तो उसे परामर्श (काउंसलिंग) की सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को संदेश दिया —
“आपकी मेहनत ही आपकी सबसे बड़ी ताकत है। खुद पर विश्वास रखें, शांत मन से प्रश्नपत्र पढ़ें और पूरी तैयारी के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। सफलता अवश्य मिलेगी।”


Comments