Ghaziabad :- इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा त्यागी ने बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए सरकार से स्कूलों द्वारा कम से कम कक्षा पांच तक के बच्चो को ऑनलाइन होमवर्क भेजने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ता स्क्रीन टाइम छोटे बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सामाजिक व्यवहार पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है, जिसे अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। “शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है। छोटे बच्चे हो या फिर बड़े ऑनलाइन होमवर्क ने सभी को किताबों और खेल के मैदान से दूर कर मोबाइल और लैपटॉप तक सीमित कर दिया है। इससे आंखों की समस्या, तनाव, चिड़चिड़ापन और एकाग्रता में कमी जैसी परेशानियां तेजी से बढ़ रही हैं।” उन्होंने आगे कहा कि छोटे बच्चों के लिए डिजिटल माध्यमों का अत्यधिक उपयोग उनके प्राकृतिक विकास में बाधा बन रहा है। इसलिए जरूरी है कि स्कूल पारंपरिक और रचनात्मक शिक्षण पद्धतियों को अपनाएं, जिससे बच्चों में लिखने-पढ़ने की आदत, कल्पनाशक्ति और सामाजिक सहभागिता मजबूत हो। इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन ने केंद्र और राज्य सरकारों से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि सभी स्कूल इस व्यवस्था का ईमानदारी से पालन करें और बच्चों को अनावश्यक डिजिटल दबाव से मुक्ति मिल सके। अंत में सीमा त्यागी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के स्क्रीन टाइम पर नियंत्रण रखें और उन्हें खेल-कूद, पुस्तक पढ़ने तथा रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करें, ताकि एक स्वस्थ, आत्मविश्वासी और संतुलित पीढ़ी का निर्माण हो सके।
Comments
Post a Comment