एस.जी. शिखर हाइट्स सोसाइटी, सिद्धार्थ विहार में नवनिर्मित मंदिर में भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह सम्पन्न*
Ghaziabad :- एस.जी. शिखर हाइट्स सोसाइटी, सिद्धार्थ विहार में निवासियों के सामूहिक सहयोग एवं योगदान से निर्मित नवनिर्मित मंदिर में पाँच दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह आयोजन 1 फ़रवरी 2026 को कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ और 5 फ़रवरी 2026 को विधिवत प्राण प्रतिष्ठा, नगर परिक्रमा एवं भंडारे के साथ सम्पन्न हुआ।
महोत्सव के प्रथम दिन प्रातः 9 बजे कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सोसाइटी के निवासियों ने सपरिवार उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात 1 से 5 फ़रवरी तक प्रतिदिन विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-पाठ संपन्न कराया गया।
5 फ़रवरी 2026 को मंदिर परिसर में स्थापित शिव परिवार, माता रानी, राधा-कृष्ण, राम दरबार एवं बालाजी महाराज की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसी अवसर पर रथ यात्रा एवं नगर परिक्रमा का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम की पूर्णता पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान को भोग अर्पित करने एवं ब्राह्मणों के भोजन के उपरांत सभी निवासियों एवं आम जन को प्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर में उसी दिन सायं 6:00 बजे प्रथम आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रात्रि 8:00 बजे से पुनः भंडारे की व्यवस्था भी की गई, जो अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफल रही।
यह संपूर्ण मंदिर निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह एस.जी. शिखर हाइट्स सोसाइटी के निवासियों द्वारा किए गए स्वैच्छिक आर्थिक एवं श्रम योगदान, कुशल संगठन, सामूहिक प्रयास एवं आपसी सहयोग का जीवंत उदाहरण है। सभी निवासियों ने पूर्ण समर्पण भाव से इस पावन आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
सोसाइटी प्रबंधन एवं आयोजन समिति ने सभी निवासियों, सहयोगकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मंदिर आने वाले समय में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक एकता का केंद्र बनेगा।
सभी योगदानकर्ताओं को कोटि-कोटि धन्यवाद। 🙏