आई0टी0एस0 डेंटल कॉलेज में गेस्ट लेक्चर का आयोजन

गाजियाबाद:- आई0टी0एस0 डेंटल कॉलेज, गाजियाबाद के पीडिएट्रिक एंड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री विभाग द्वारा एक गेस्ट लेक्चर का आयोजन किया गया जिसका विषय ‘‘ए0आई0 ड्रिवेन पीडियाट्रिक डेन्टिस्ट्री‘‘ था। इस लेक्चर में देश के विभिन्न डेंटल कॉलेजों के 100 से अधिक एम0डी0एस0 के विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी दंत विभागों के दंत चिकित्सक शामिल थे।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वक्ता डॉ0 नीरज गुगनानी, प्रख्यात बाल दंत चिकित्सक के विशेषज्ञ थे, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न व्याख्यान प्रस्तुत किये है।
 
इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वक्ता डॉ नीरज गुगनानी और आई0टी0एस0-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन, डॉ0 आर0पी0 चड्ढा एवं आई0टी0एस0-द एजुकेशन ग्रुप के वाईस चेयरमैन, श्री अर्पित चड्ढा द्वारा माँ सरस्वती के सामने दीप प्रज्वलित करके किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान संस्थान के डायरेक्टर-प्रिंसिपल, डॉ0 देवी चरण शेट्टी के साथ-साथ संस्थान के सभी दंत विभागों के एच0ओ0डी0 एवं दंत चिकित्सक भी उपस्थित थे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य दंत चिकित्सकों के ज्ञान एवं कौशल को बढ़ाना था। अपने व्याख्यान में डॉ0 नीरज गुगनानी ने दंत चिकित्सा एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता की अवधारणा का परिचय देते हुए बाल दंत चिकित्सा में इसकी बढ़ती महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने ए0आई0 इकोसिस्टम की विस्तृत जानकारी दी तथा बताया कि दंत चिकित्सक किस प्रकार इंजीनियर, एनोटेटर, वैलिडेटर या सूचित उपभोक्ता के रूप में अपनी भूमिका निभा सकते है। साथ ही उन्होंने दंत चिकित्सा में ए0आई0 के विभिन्न अनुप्रयोगों पर भी चर्चा की।

व्याख्यान के पश्चात प्रतिभागियों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसमें आधुनिक दंत चिकित्सा अभ्यास एवं अनुसंधान में ए0आई0 के एकीकरण की प्रक्रिया को समझाया गया। यह भी प्रदर्शित किया गया कि किस प्रकार ए0आई0 का उपयोग बाल दंत चिकित्सा, रेडियोलॉजी, प्रोस्थोडोंटिक्स, ऑर्थोडॉन्टिक्स, पीरियडॉन्टिक्स एवं पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री जैसे प्रमुख विषयों में किया जा सकता है।

कार्यशाला के दौरान अत्याधुनिक ए0आई0 आधारित डायग्नोस्टिक मशीन स्कैन ओ एयर इंडिया का भी प्रदर्शन किया गया, जो एक ए0आई0 संचालित, संपर्क रहित डेन्टल स्क्रीनिंग रोबोट है। यह मशीन उन्नत एवं विकिरण मुक्त कैमरों की सहायता से मौखिक स्वास्थ्य की त्वरित जांच करती है तथा कठोर ऊतकों से संबंधित रोगों का लगभग 96 प्रतिशत सटीकता के साथ पता लगाने में सक्षम है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को सर्वश्रेष्ठ क्लीनिकल ज्ञानवर्धक मंच प्रदान करने के लिये सभी ने आई0टी0एस0 - द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ0 आर0पी0 चड्ढा तथा वाईस चेयरमैन, श्री अर्पित चड्ढा को धन्यवाद दिया।