श्री शिव बालाजी धाम में अखण्ड रामायण का पाठ शुरू
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में श्री शिव बालाजी धाम मंदिर के प्रांगण में मन्दिर के स्थापना दिवस से एक दिन पूर्व तथा अयोध्या में राम मंदिर की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर अखण्ड रामायण का पाठ विधि विधान के साथ आरम्भ हुआ। रामायण पाठ बसंत पंचमी के अवसर पर शुक्रवार को संपन्न होगा। शुक्रवार को ही मन्दिर का नौवां स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा। यह जानकारी मन्दिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने दी है। इस अवसर पर मन्दिर को पीले गुब्बारों से भव्य रूप से सजाया गया। संगीतमयी रामायण से पूरी सोसायटी में आनन्द रस बरस रहा है। बसंत पंचमी के अवसर पर रामायण पाठ के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा जिसमें सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए आरडब्लूए की कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी ने कहा कि अयोध्या में दो वर्ष पूर्व रामलला के मन्दिर के प्राण प्रतिष्ठा की खुशी में सोसाइटी के सभी निवासियों के सहयोग से रामायण का आयोजन किया गया है। पूरी सोसायटी में आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है। दो साल पहले अयोध्या में रामलला का वनवास खत्म हुआ और हमारे आराध्य श्रीराम तिरपाल से अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए थे। इस अवसर पर पंडित राजीव मिश्रा, आरडब्लूए की कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी, अनुजा बंसल, विजेंद्र गिरी , एडवोकेट राज किशोर शर्मा, गौरव बंसल, प्रभा शर्मा, शालनी गोयल,अनुज बंसल, कीर्ति पाहवा, आदि समेत सैकड़ो श्रद्धालु उपस्थित रहे।