आई टी एस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में पीजीडीएम प्रतिभागियों के लिए मेरिट एवं प्रदर्शन पुरस्कार तथा उपस्थिति सम्मान समारोह का आयोजन
आई टी एस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में पीजीडीएम प्रतिभागियों के लिए मेरिट एवं प्रदर्शन पुरस्कार तथा उपस्थिति सम्मान समारोह का आयोजन
Ghaziabad :- आई.टी.एस. स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, गाजियाबाद द्वारा पीजीडीएम बैच (2024–26 एवं 2025–27) के विद्यार्थियों के लिए मेरिट एवं प्रदर्शन सुधार पुरस्कार तथा उपस्थिति सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार, 17 जनवरी 2025 को किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के आशीर्वाद के साथ संपन्न हुआ।
आई.टी.एस. स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय कुमार ने सभी मेरिट एवं प्रदर्शन सुधार पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के गतिशील परिवेश में सफलता प्राप्त करने के लिए आजीवन सीखने की प्रवृत्ति, अनुकूलन क्षमता एवं चपलता अत्यंत आवश्यक गुण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने हेतु संस्थान के प्रतिबद्धता की भी चर्चा की।
डॉ. अनुषा अग्रवाल, चेयरपर्सन (पीजीडीएम) ने कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी दी तथा संस्थान द्वारा प्रदान किए जा रहे इन पुरस्कारों की परिकल्पना एवं प्रेरणा स्रोत के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर आई टी एस- द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ आर पी चड्ढा जी ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और सभी प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं दी। आई टी एस- द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन श्री अर्पित चड्ढा जी ने इस प्रकार के आयोजन की सराहना की और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन हेतु प्रोत्साहित किया।
यह पुरस्कार समारोह तीन श्रेणियों में आयोजित किया गया।
प्रथम श्रेणी में, पीजीडीएम बैच 2024–26 के तृतीय एवं चतुर्थ ट्राइमेस्टर तथा पीजीडीएम बैच 2025–27 के प्रथम ट्राइमेस्टर के शीर्ष 10 विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मेरिट पुरस्कार प्रदान किए गए।
द्वितीय श्रेणी में, तृतीय ट्राइमेस्टर की तुलना में चतुर्थ ट्राइमेस्टर में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थियों को प्रदर्शन सुधार पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
तृतीय श्रेणी में, चतुर्थ ट्राइमेस्टर के दौरान विभिन्न विषयों में 100% उपस्थिति बनाए रखने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, दोनों बैचों के 19 विद्यार्थियों को आईआईएम सिरमौर में आयोजित एक सप्ताह के इंडस्ट्री रेडिनेस प्रोग्राम को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
सभी पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक अपनी उपलब्धियों का उत्सव मनाते हुए अत्यंत उत्साहित एवं प्रसन्न दिखाई दे रहे थे।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देने तथा भविष्य में भी इसी उत्साह, समर्पण एवं परिश्रम के साथ आगे बढ़ते रहने के प्रेरक संदेश के साथ हुआ।
मीडिया प्रकोष्ठ
आई. टी. एस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, गाजियाबाद