वेनेजुएला पर अमरीकी साम्राज्यवादी हमले के खिलाफ सीटू कार्यकर्ता उतरे सड़क पर किया विरोध प्रदर्शन

वेनेजुएला पर अमरीकी साम्राज्यवादी हमले के खिलाफ सीटू कार्यकर्ता उतरे सड़क पर किया विरोध प्रदर्शन

नोएडा :- वेनेजुएला पर अमरीका के नंगे हमले की कड़ी निंदा करते हुए सीटू गौतम बुध नगर व गाजियाबाद के कार्यकर्ताओं ने आज 4 जनवरी 2026 को संयुक्त रूप से जुलूस निकालकर वेनेजुएला की संप्रभुता पर हमला नहीं सहेंगे, अमेरिकी साम्राज्यवाद मुर्दाबाद, अमेरिका की दादागिरी नहीं चलेगी, वेनेजुएला की जनता तुम संघर्ष करो हम भारत के मजदूर तुम्हारे साथ हैं के नारे के साथ झंडापुर साहिबाबाद रोड पर विरोध प्रदर्शन किया। 
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू दिल्ली एनसीआर राज्य सचिव मंडल सदस्य कामरेड बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि पिछले कुछ हफ्ते अमरीका, वेनेजुएला के गिर्द अपनी थल सेना तथा नौसेनिक बलों को इकठ्ठा करने में लगा हुआ था, जिससे वहां सत्ता बदल करा सके। यही अमरीका की उस राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति, 2025 का असली चेहरा है, जिसकी घोषणा 2025 के दिसंबर के पहले सप्ताह में की गयी है। पश्चिमी गोलार्द्ध में अमरीकी सेनाओं का जमावड़ा और इस समूचे क्षेत्र को अपने नियंत्रण के अंतर्गत लाने के अपने इरादों का उसका खुला एलान, मुनरो सिद्धांत के ट्रंपीय नतीजे को दिखाता है। उन्होंने वेनेजुएला पर अमेरिका के नंगे हमले की कड़ी निंदा करते हुए वेनेजुएला के बहुमूल्य तेल और गैस को लूटने के इरादे से अमेरिका के हमले के खिलाफ एकजुट होकर विरोध में संगठित होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
 विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू गौतम बुद्ध नगर जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने सीटू की निम्न मांगों को रेखांकित किया कि अमरीकी हमला फौरन रोका जाए और कैरीबियाई सागर से तमाम अमरीकी सेनाएं हटायी जाएं। लातीनी अमरीका को शांति का क्षेत्र घोषित किया जाना चाहिए और अमरीका को संप्रभु देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को प्रस्ताव पारित कर अमरीकी हमले की निंदा करनी चाहिए। अमरीका पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ाया जाना चाहिए कि वेनेजुएला पर अपना हमला फौरन रोके।     
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सीटू गौतम बुध नगर कमेटी के नेता राम स्वारथ, सुनील पंडित, रामसागर, विकास कुमार, गंगेश्वर दत्त शर्मा, हुकम सिंह, गाजियाबाद जिला कमेटी सीटू के महासचिव जीएस तिवारी व सीटू दिल्ली राज्य सचिव मंडल सदस्य बृजेश कुमार सिंह ने किया।

Comments