पोलियो से बचाव हम सबकी जिम्मेदारी: लक्ष्मी कश्यप, मड़ियापारा में पोलियो उन्मूलन की दिशा में अहम पहल

स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में 180 बच्चों को पिलाई गई पोलियो ड्रॉप

जगदलपुर, छत्तीसगढ़। महाराणा प्रताप वार्ड मड़ियापारा क्षेत्र में पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। शिविर का शुभारंभ समाजसेविका एवं गूंज वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्ष लक्ष्मी कश्यप ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समय पर पोलियो ड्रॉप पिलाकर हम अपने भविष्य को स्वस्थ और सुरक्षित बना सकते हैं।”
शिविर के दौरान क्षेत्र के 180 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। अभियान को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं अभिभावकों में उत्साह देखा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जागरूकता के माध्यम से लोगों को पोलियो टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को इस अभियान से जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर एएनएम अनुशा सिंह, मितानिन साधना सिंह, नर्स भूमिका ठाकुर एवं चंचल साहू सहित अस्पताल स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में गूंज वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्ष लक्ष्मी कश्यप ने स्वास्थ्य कर्मियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।