सरस्वती विद्यामंदिर विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया



Ghaziabad :- सेवा समर्पण कल्याण समिति द्वारा संचालित सेवा समर्पण सरस्वती विद्यामंदिर विद्यालय में आज कक्षा 4 से 8 के विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वायु प्रदूषण जैसी महत्वपूर्ण समस्या पर उनकी समझ को विकसित करना था। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता का विषय “एयर पॉल्यूशन (वायु प्रदूषण)” निर्धारित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी श्री सिकन्दर यादव जी को आमंत्रित किया गया। विद्यालय में आगमन पर समिति और विद्यालय परिवार द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। श्री यादव जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वायु प्रदूषण के कारण, प्रभाव और उसके समाधान पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया तथा उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह में बच्चों के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता देखते ही बनती थी।

इस अवसर पर समिति की अध्यक्षा श्रीमती शालू सिंह जी ने मुख्य अतिथि श्री सिकन्दर यादव जी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री यादव जी का आना बच्चों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा और उनके विचारों से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक चेतना का विकास हुआ है।

कार्यक्रम के समापन पर श्री सिकन्दर यादव जी ने विद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि सेवा समर्पण सरस्वती विद्यामंदिर द्वारा बच्चों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी वे बच्चों की शिक्षा, प्रगति और विद्यालय के विकास हेतु हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।

समिति और विद्यालय के संयुक्त प्रयासों से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा और विद्यार्थियों में पर्यावरण जागरूकता एवं रचनात्मक सोच को नई दिशा मिली।

Comments