​श्री राम मॉडर्न पब्लिक स्कूल की 'नन्ही परियों' ने खो-खो ट्रॉफी पर किया कब्जा

​श्री राम मॉडर्न पब्लिक स्कूल की 'नन्ही परियों' ने खो-खो ट्रॉफी पर किया कब्जा
​गाजियाबाद:-  आर.के.जी. ग्लोबल स्कूल में दिनांक 2 से 6 दिसंबर 2025 तक आयोजित 'आह्वान खेल प्रतियोगिता' का समापन समारोह खो खो खेल के साथ ऐतिहासिक रहा। इस महाकुंभ में श्री राम मॉडर्न पब्लिक स्कूल की कक्षा 4 और 5 की 'नन्ही परियों' ने अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बुलंदशहर के प्रतिष्ठित 'रेनेसां स्कूल' को फाइनल में हराकर स्वर्ण पदक और ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया। इस जीत की नींव विद्यालय के कर्मठ शारीरिक शिक्षक (पी.टी.आई.) श्री सचिन कुमार जी ने रखी थी, जिनके 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर (Camp) और कुशल रणनीतियों के कारण ही 10 वर्ष से कम आयु के ये बच्चे 40 स्कूलों को पछाड़कर चैंपियन बने।
​समापन समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल संदीप पांडे ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि "आज इन नन्हे बच्चों का जोश देखकर मुझे विश्वास हो गया है कि भारत का खेल भविष्य सुरक्षित हाथों में है; यही बच्चे आगे चलकर देश के लिए ओलंपिक मेडल लाएंगे।" वहीं, आर.के.जी.आई.टी. के डीन प्रो. एच.जी. गर्ग ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि "शिक्षा मनुष्य को ज्ञान देती है, लेकिन खेल उसे जीवन जीने की कला और संघर्ष करने की शक्ति सिखाते हैं।"

Comments