केंद्र की मोदी सरकार द्वारा 21 नवंबर 2025 को मजदूर विरोधी 4 लेबर कोड लागू करने के लिए जारी की गई


      केंद्र की मोदी सरकार द्वारा 21 नवंबर 2025 को मजदूर विरोधी 4 लेबर कोड लागू करने के लिए जारी की गई ghaziabad :- अधिसूचना के विरोध में आज 23 दिसम्बर 2025 को आज सीटू गाजियाबाद द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए सीटू के अखिल भारतीय सचिव कॉमरेड सुदीप दत्ता ने बताया कि मोदी सरकार द्वारा अपने पूँजीपति मित्रों के हित में और मजदूरों को गुलाम बनाने के लिए 29 श्रम कानून खत्म करके 4 कोड कानून 5 वर्ष पूर्व लाये गए थे जो लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार और मजदूरों के भारी विरोध के चलते आज तक लागू नहीं हो सके। लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव जीतने के बाद सरकार के शपथ ग्रहण करते ही 21 नवम्बर 2025 को केंद्र सरकार द्वारा ये चारों गुलामी के दस्तावेज लागू करने के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि ये चारों लेबर कोड लागू होने के बाद मजदूरों के सभी अधिकार समाप्त हो जायेंगे और यदि वह अपने ऊपर होने वाले शोषण के खिलाफ आवाज उठाएंगे तो उनको दंडित किया जायेगा, यूनियन बनाना एवं हड़ताल करना असंभव हो जायेगा, काम के घंटे 8 पूरे करने के लिए कार्य स्थल पर 12 घंटे तक रहकर बीच-बीच में रुक कर काम करना होगा, लेकिन वेतन वही रहेगा, महिलाओं को रात्रि पाली में काम करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा जबकि दिन में ही महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस करती हैं और आये दिन उनके साथ आर्थिक व मानसिक तथा शारीरिक शोषण की घटनाएं होती रहतीं हैं, तो रात्रि पाली के बारे में स्थिति और अधिक खतरनाक होगी। मजदूरों को सीमित अवधि (फिक्स टर्म) के लिए एक काम पर रखा जायेगा स्थायी नौकरी सपना हो जाएगी, ठेकाकरण पूरी तरह प्रभावी होगा। चुकता हिसाब मिलने पर 15 दिन की ग्रेच्युटी तो मिलेगी लेकिन एक माह का मिलने वाले नोटिस वेतन की कोई गारंटी नहीं है, बोनस के बारे में समझौता वार्ता का अधिकार खत्म हो जायेगा। इस तरह की कई मजदूर विरोधी शर्ते हैं जिसके खिलाफ देश के मजदूर संगठन बड़ी लड़ाई की तैयारी कर रहे हैं और माह फरवरी 2026 के दूसरे सप्ताह में चारों लेबर कोड रद्द कराने के लिए राष्ट्रव्यापी हड़ताल होगी, देश के मजदूर इन गुलामी के चारों दस्तावेजों को मंजूर करने को बिल्कुल तैयार नहीं हैं। सीटू दिल्ली एन सी आर के राज्य महासचिव कॉमरेड अनियन पी वी ने कहा 4 लेबर कोड रद्द कराने के लिए देश के मजदूर पिछले 5 वर्षों से लगातार संघर्ष कर रहे हैं और 3 बार हड़ताल कर चुके हैं जिसके कारण मजदूर विरोधी ये कानून अब तक लागू नहीं हो सके, और आगे भी हमें लागू नहीं होने देना है, इसके लिए पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मजदूर बड़ी लड़ाई की तैयारी कर रहे हैं गाजियाबाद में आप सबको हड़ताल की तैयारी करना चाहिए। जिला महासचिव जी एस तिवारी ने मजदूरों को बताया कि इसी मुद्दे को लेकर 15 दिसम्बर 2025 को सीटू गाजियाबाद जिला कमेटी की बैठक में फैसला लेने के बाद गाजियाबाद व हापुड़ के औद्योगिक क्षेत्रों व मजदूर बस्तियों में प्रचार अभियान चल रहा और आज को गाजियाबाद जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष विशाल प्रदर्शन करके अधिकारी के माध्यम से सरकार को मजदूरों की मांगों का ज्ञापन देश की राष्ट्रपति को भेजेंगे। उसके बाद सभी प्रदर्शनकारियों द्वारा जलूस निकाल कर जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर जाकर अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। आज का प्रदर्शन सीटू जिलाध्यक्ष कॉमरेड वेदपाल नागर की अध्यक्षता में किया गया। आज के इस विरोध प्रदर्शन में बी के एस चौहान, ईश्वर त्यागी, देवेंद्र शर्मा, श्रीकृष्ण सिंह, के के तोमर, कन्हैया मिश्रा, कैलाश चंद पाण्डेय, विजय सिंह, नागेंद्र प्रसाद, तोताराम, रंजीत तोमर, रविंद्र कुमार,विश्वदीप नागर, नवीन कुमार, ठाकुर दास, यू के पाठक, इंद्रजीत सिंह, बृजपाल, परबीन शर्मा, अनिल कुमार सिंह, कमल बाबू, सुजीत कुमार, फूलचंद, तारा सिंह, असलम, वीर सिंह, सहित भारी संख्या में मजदूरों ने भाग लिया।