आई.टी.एस. मोहन नगर में “वेस्ट मैनेजमेंट एवं सेग्रिगेशन” पर कार्यशाला का सफल आयोजन
गाज़ियाबाद, 27 नवम्बर 2025 — आई.टी.एस. मोहन नगर के यूजी कैंपस में मास मीडिया एवं कम्यूनिकेशन क्लब द्वारा “वेस्ट मैनेजमेंट एवं सेग्रिगेशन” विषय पर एक विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को स्वच्छता, पर्यावरण सुरक्षा, कचरा प्रबंधन और सतत जीवन शैली के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर आई०टी०एस - द एजुकेशन ग्रुप के वाईस चेयरमैन श्री अर्पित चड्ढा ने अपने सन्देश में "वेस्ट मैनेजमेंट एवं सेग्रिगेशन" कार्यशाला की महत्वता एवं उपयोगिता बताते हुए कहा कि ऐसी कार्यशाला निरंतर होती रहनी चाहियें और सभी उपस्थित छात्रों को स्वच्छता, पर्यावरण, सतत विकास को ध्यान में रख कर अपने जीवन में आगे बढ़ते रहना चाहिए ।
यूजी कैंपस की प्राचार्या डॉ0 नैन्सी शर्मा ने अतिथि वक्ताओं का मोमेंटो और गुड लक प्लांट देकर स्वागत किया। और वेस्ट मैनेजमेंट के महत्व पर संक्षिप्त परिचय देते हुए छात्रों को पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका पर प्रेरक संबोधन दिया।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता “सेव मदर अर्थ मिशन” के सह-संस्थापक श्री श्याम तायल रहे, जिन्होंने कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया, पर्यावरण प्रदूषण की चुनौतियों और स्वच्छता में छोटे-छोटे प्रयासों की बड़ी भूमिका पर विस्तृत चर्चा की। इसके बाद “सेव मदर अर्थ मिशन” की संस्थापक सुश्री तनु अग्रवाल ने 5R—Refuse, Reduce, Reuse, Repurpose, Recycle—के सिद्धांतों के माध्यम से छात्रों को प्लास्टिक वेस्ट के प्रबंधन और रीसाइक्लिंग प्रक्रिया को सरल और प्रभावी तरीके से समझाया। उन्होंने एक विस्तृत फ्लो-चार्ट के माध्यम से दिखाया कि कैसे प्लास्टिक कचरा संग्रहण से लेकर IPCA केंद्रों में प्रोसेसिंग तक उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित किया जाता है।
कार्यशाला का मुख्य आकर्षण हैंड्स-ऑन डेमो रहा, जिसमें सुश्री तनु ने छात्रों को प्लास्टिक और फेंके हुए सामान से उपयोगी और रचनात्मक वस्तुएँ बनाने का प्रशिक्षण दिया। इसके बाद हुए प्रश्न–उत्तर सत्र में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बेहतर प्रश्न पूछने वाले छात्रों को गिफ्ट देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी छात्रों ने स्वच्छता एवं जिम्मेदार वेस्ट मैनेजमेंट की शपथ भी ली।
कार्यक्रम का समापन डॉ. विदूषी सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने अतिथि वक्ताओं, संकाय सदस्यों और छात्रों का आभार व्यक्त किया तथा पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
आई.टी.एस. मोहन नगर परिसर पर्यावरण जागरूकता और सतत विकास जैसे मुद्दों पर समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन कर भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्यरत है।
कार्यक्रम के समय डीन अकादमिक डॉ. विदूषी सिंह, क्लब संयोजक डॉ. मोनिका शर्मा, प्रो. रमा रानी मिश्रा तथा डॉ. नीरज जैन (समन्वयक बीसीए), प्रो अमित शर्मा, संकाय सदस्य एवं छात्र उपस्थित रहे।