खेल हार-जीत का मैदान नहीं, बल्कि स्वस्थ तन, मन और अनुशासन का निर्माण करता है।” — देवेंद्र कुमार

मेरा युवा भारत, हापुड़ ने ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया



Ghaziabad :- मेरा युवा भारत हापुड़, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में आज विजडम वुड पब्लिक स्कूल, धनोरा (हापुड़) में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री पवन त्यागी ने विद्यालय के चेयरमैन श्री संजीव कुमार त्यागी, प्रधानाचार्या श्रीमती रूपा त्यागी एवं उपनिदेशक श्री देवेंद्र कुमार की उपस्थिति में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए उपनिदेशक श्री देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रोत्साहित करना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उनमें अनुशासन और खेलभावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि देहात और छोटे कस्बों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं होती, परंतु मंच न मिलने के कारण वे आगे नहीं बढ़ पातीं; मेरा युवा भारत ऐसे युवाओं को अवसर देकर उनकी प्रतिभा को उजागर करने का काम कर रहा है। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रूपा त्यागी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि खेलों में प्रतिभाग करना ही सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। प्रतियोगिता में बालिकाओं के लिए समूह स्पर्धा में खो-खो, तथा एकल स्पर्धा में 200 मीटर और 100 मीटर दौड़ एवं बैडमिंटन का आयोजन किया गया, जिसमें 200 मीटर दौड़ में सुहानी प्रथम, साक्षी द्वितीय और कनिष्का पाल तृतीय रहीं, जबकि 100 मीटर दौड़ में पीहू प्रथम, वंशिका द्वितीय और फलक तृतीय रहीं। खो-खो में एसजेपीएस स्कूल की टीम प्रथम तथा विजडम वुड पब्लिक स्कूल की टीम द्वितीय स्थान पर रही। बैडमिंटन प्रतियोगिता में निधि ने प्रथम, गायत्री ने द्वितीय और फलक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में समूह स्पर्धा वॉलीबॉल का आयोजन किया गया, जिसमें आरएसके इंटर कॉलेज की टीम प्रथम और मधुर अकादमी की टीम द्वितीय स्थान पर रही। एकल स्पर्धा में 400 मीटर दौड़ में प्रिंस प्रथम, निखिल द्वितीय और शिवा तृतीय रहे, जबकि 200 मीटर दौड़ में निखिल प्रथम, वंश द्वितीय और शिवांश तृतीय स्थान पर रहे। कुश्ती प्रतियोगिता में निरपेक्ष ने प्रथम, देव ने द्वितीय और शुभराणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खेलों के सफल संचालन में सौरभ तोमर और निशा की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि प्रकाश तिवारी, खुशी और वैष्णवी का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल एवं स्वयंसेवकों को भी मेडल, प्रमाणपत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।