‘नारी शक्ति महोत्सव’ रूप में मनाया जाएगा क्रांति मूर्ति दुर्गा भाभी स्मृति पखवाड़ा
साहिबाबाद:- ट्रांस – हिंडन के श्याम पार्क मेन कॉलोनी में स्थित आर्यन एकेडेमी जूनियर हाई स्कूल में दुर्गा भाभी के नाम से मशहूर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के 118 वे जन्म दिवस पर ‘नारी शक्ति महोत्सव’ का आयोजन किया गया। यह आयोजन दुर्गा भाभी की जयंती 7 अक्टूबर से प्रारंभ हुआ है और उनकी पुण्यतिथि 15 अक्टूबर, 2025 तक चलेगा। आर्यन एजुकेशन सोसाइटी के निदेशक संजीव गौड़ ने बताया कि सप्ताहभर चलने वाले नारी शक्ति महोत्सव के दौरान विद्यालय में प्रतिदिन देश की आजादी में कुर्बानी देने वाली महिला क्रांतिकारियों के जीवन पर गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आजादी की लड़ाई में उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी तथा इस चर्चा में स्कूल के बच्चों की महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी। दुर्गा भाभी व अन्य महिला क्रांतिकारियों के जीवन पर इस महोत्सव का आयोजन श्याम पार्क मेन आरडब्ल्यूए एवं ‘रामकली -प्यारेलाल जनसेवा पीठ’ ने संयुक्त रूप से कर रहा है।
आज आयोजित ‘नारी शक्ति महोत्सव’ के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार और आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष सत्यपाल सिंह चौहान ने की। मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के महानगर संगठन की महामंत्री माननीया भक्ति सिंह, विशेष अतिथि दिल्ली सरकार से सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार प्राप्त पूर्व प्रधानाचार्या डॉ. गीता ‘गीत’ और भारतीय युवा काँग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक एवं पश्चिम उ. प्र. की निर्वाचित उपाध्यक्ष श्रुति कुमारी विशेष रूप से आमंत्रित थीं।
मुख्य वक्ता के रूप में जनपद गाजियाबाद के प्रख्यात लेखक, संस्कृत के विद्वान और पूर्व प्राचार्य डॉ. विशनलाल गौड़ (व्योम शेखर)आमंत्रित थे। कार्यक्रम के संयोजक मण्डल में भाजपा महिला अर्थला मण्डल की महामंत्री रचना शंकर, पूर्व अध्यक्ष जया गुप्ता और उपाध्यक्ष भावना शर्मा मुख्य रूप से थीं। कार्यक्रम का संचालन स्कूल अध्यापिका नेहा कुमारी और अन्नू शर्मा ने मिलकर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में जया गुप्ता के उद्बोधन से हुई। उन्होंने दुर्गा भाभी को एक महान क्रांतिकारी और देशभक्त बताया, तो रचना शंकर ने दुर्गा भाभी के बाल्यकाल से अंतिम समय तक के क्रांतिकारी जीवन यात्रा को रेखांकित किया। श्रुति कुमारी ने अपने वक्तव्य में नारी शक्ति के महत्व को बताते हुए दुर्गा भाभी को देश-दुनिया के सामने एक मिसाल की तरह रखा। "संहिता जन सहायक चैरिटेबल ट्रस्ट" की संस्थापक एवं संचालिका नीतू चौधरी( योगासन में कई राज्य स्तरीय और राष्ट्र स्तरीय पुरस्कार विजेता ) ने अपने कहा कि दुर्गा भाभी जैसे क्रांतिकारी व्यक्तित्वों को हमे सिर्फ जयंती इत्यादि तक याद करके रस्म अदायगी नहीं करनी चाहिए बल्कि उनके जीवन का स्वयं अपने जीवन में अनुसरण कर उनको वास्तव में हम उनको अमर कर सकते हैं। डॉ. सुधा शर्मा और निशा राणा ने भी स्वतंत्रता आंदोलन नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. विशनलाल गौड़ द्वारा रचित दो मौलिक रचनाएँ ‘अहं राष्ट्री’ और ‘अग्निपुष्प भगतसिंह’ चंद्रशेखर आजाद, भगतसिंह और राजगुरु जैसे वीरों की दुर्गा-कवच क्रांतिमूर्ति दुर्गा भाभी को सादर समर्पित हैं। इस अवसर पर डॉ. गौड़ ने आयोजन में उपस्थित सभी महिलाओं को उनके अपने जीवन में किसी न किसी क्रांति का प्रतिनिधि बताया और कहा कि आसुरी शक्तियों से देवताओं को बचाने के लिए दुर्गा को पहल करनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि देश एकजुट रहेगा तो दुनिया की कोई आसुरी शक्ति हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। हमें विघटनकारी व दुर्भावनाओं से देश को बचाकर चलना है।
मुख्य अतिथि भक्ति सिंह ने क्रांतिमूर्ति दुर्गा भाभी का गाजियाबाद शहर के साथ गहरा रिश्ता जोड़ते हुए बताया कि किस प्रकार दुर्गा भाभी अपने क्रांतिकारी पति भगवती शरण वोहरा के साथ घर में ही चोरी-छुपे बम बनाने में मदद करतीं थीं। इसके आलावा क्रांतिकारी साथियों को छुपने का इंतजाम करना, उनके भोजन की व्यवस्था करना और उनके लिए हथियारों की सप्लाई सब दुर्गा भाभी की ही जिम्मेदारी थी। आजादी के बाद गाजियाबाद का कन्या वैदिक विद्यालय भी क्रांतिमूर्ति दुर्गा भाभी की ही देन है।
आर्यन एकेडेमी जूनियर हाई स्कूल के निदेशक संजीव गौड़ ने दुर्गा भाभी को याद करते हुए बताया कि यह मेरा सौभाग्य है कि दुर्गा भाभी जी के जीवन के गाजियाबाद में अंतिम दशकों के प्रवास के दौरान मुझे कई शैक्षिक कार्यक्रमों में उनका स्नेहिल आशीर्वाद मिल सका। चंद्रशेखर आजाद आपको आदर से ‘भाभी’ बुलाते थे तो सभी अन्य क्रान्तिकारी भी उन्हें ,दुर्गा भाभी’ बुलाने लगे; और वे आप सबकी अग्निशिखा दुर्गा भाभी हो गईं। 15 अक्टूबर,1999 के दिन क्रांति मूर्ति दुर्गा भाभी ने गाजियाबाद शहर से ही दुनिया को अलविदा कहा।
नारी शक्ति महोत्सव में उपस्थित उपरोक्त सभी आगंतुकों के अलावा संगीता सिन्हा, गीता रस्तोगी, नीतू पांडे, हरी सिंह, डॉ. राजेश तोमर, आदिती गुप्ता, प्रीति, ममता त्यागी, सलमा, नंदिनी, बबली, निशा, प्रिया, प्रीति शर्मा, मीनाक्षी भण्डारी, सिमरन, स्कूल प्रबंधक ईशान गौड़ इत्यादि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन करते हुए अध्यक्ष सत्यपाल सिंह चौहान ने आदर्णीया दुर्गा भाभी के प्रति अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए; कार्यक्रम में उपस्थित सभी नारी शक्ति का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी हमेशा ही शक्ति स्वरूपा और पूज्यनीय रही है।
Comments
Post a Comment