श्याम पार्क मेन आरडब्ल्यूए और रामकली-प्यारेलाल जनसेवा पीठ द्वारा एपीजे अब्दुल कलाम जयंती और ‘नारी शक्ति महोत्सव’ सम्पन्न
श्याम पार्क मेन आरडब्ल्यूए और रामकली-प्यारेलाल जनसेवा पीठ द्वारा एपीजे अब्दुल कलाम जयंती और ‘नारी शक्ति महोत्सव’ सम्पन्न
साहिबाबाद । श्याम पार्क मेन कॉलोनी के आर्यन एकेडेमी जूनियर हाई स्कूल में क्रांतिमूर्ति दुर्गा भाभी की जयंती 7 अक्टूबर को प्रारंभ हुआ ‘नारी शक्ति महोत्सव’ आज उनकी पुण्यतिथि 15 अक्टूबर के दिन समाप्त हो गया। उल्लेखनीय है कि अग्निपुत्री दुर्गा भाभी स्वतंत्रता संग्राम में भगतसिंह, राजगुरु और चंद्रशेखर जैसे देश को आजाद कराने की खातिर सर पर कफन बांधकर मर-मिटने को तैयार क्रांतिकारियों की सहयोगी रहीं थीं; उनका प्रमुख कार्य क्रांतिकारियों को छुपने में मदद करना और उनके खान-पान की व्यवस्था के अलावा उनके लिए हथियारों का इंतजाम करना था। अंग्रेज साँडर्स को गोली मारने के बाद भगतसिंह को सुरक्षित निकालने में दुर्गा भाभी की मुख्य भूमिका थी।
यहाँ यह बताना आवश्यक है कि अपने जीवन के अंतिम दशकों में क्रांति की दिव्य-मूर्ति दुर्गा भाभी का आवास गाजियाबाद के राजनगर में रहा। गाजियाबाद में रहते हुए वे शैक्षिक संस्थाओं व उनकी गतिविधियों से जुड़ीं रहीं। श्याम पार्क मेन कॉलोनीवासियों का परम सौभाग्य है कि वर्ष 1986 में, पंजाब केसरी लाला लाजपतराय जयंती वर्ष के कार्यक्रम के दौरान उनका कॉलोनी के बीच आना हुआ और उनके सम्मान में लाजपतराय कॉलेज के राष्ट्रीय केडेट कोर की छात्र इकाई ने गार्ड ऑफ हॉनर भी दिया था। कॉलोनीवासियों और कॉलेज के छात्र-छात्रों ने गजब के उल्लास के साथ उनका वंदन-अभिनंदन किया था।
आर्यन एकेडेमी जूनियर हाईस्कूल में 7 से 15 अक्टूबर तक दुर्गा भाभी की स्मृति में ‘नारी शक्ति महोत्सव’ पखवाड़े का यह आयोजन श्याम पार्क मेन कॉलोनी की आरडब्ल्यूए और ‘रामकली-प्यारेलाल जनसेवा पीठ’ ने संयुक्त रूप से किया था। इस पखवाड़े के दौरान क्रांतिकारी दुर्गा भाभी के अलावा प्रतिदिन एक ऐतिहासिक महिला क्रांतिकारी व्यक्तित्व के बारे में गोष्ठी कर देश की आजादी में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर चर्चा की गई और स्कूल के बच्चों को उनके ऐतिहासिक योगदान से अवगत कराया गया। आज दुर्गाभाभी की आज पुण्यतिथि के दिन इस महोत्सव का समापन था।
उल्लेखनीय है कि आज देश-दुनिया में ‘मिसाईल मैन’ के नाम से विख्यात और ‘भारत-रत्न’ से सम्मानित हमारे देश के 11 वें राष्ट्रपति स्व. ए.पी.जे. कलाम की जयंती भी है। आज के आयोजन में मौजूद सभी लोगों ने क्रांतिकारी वीरांगना दुर्गा भाभी के साथ अब्दुल कलाम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर पूरे सम्मान व गौरव के साथ दोनों महान आत्माओं को श्रद्धा-सुमन भेंट किए।
इस अवसर पर डॉ. विशनलाल गौड़ ने दुर्गा भाभी की तुलना महिषासुर राक्षस का उदाहरण देकर माँ दुर्गा से की और आगाह किया कि बिखरे हुए देवता भी राक्षसों से अपनी रक्षा नहीं कर पाए थे इसलिए रचनात्मक और सकारात्मक शक्तियों को समाज व देश के हित में एकजुट रहना होगा। मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित भाजपा अर्थला मण्डल की महामंत्री रचना शंकर और विशेष अतिथि दिल्ली सरकार द्वारा सम्मानित पूर्व-प्रधानाचार्या डॉ. गीता ‘गीत’ ने दोनों पुण्य आत्माओं के योगदान के प्रति आभार प्रकट करते हुए उनका स्मरण किया। इस अवसर पर आरडब्ल्यूए के सचिव राजेश सिंह ने स्कूल के छात्रों से देश के महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेने और जीवन में उनका अनुसरण करने की जरूरत पर बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष सत्यपाल सिंह चौहान ने भी स्कूल की अध्यापिकाओं एवं प्रबंधन को सलाह दी की कि छात्रों के लिए देश के स्वतंत्रता सेनानी और अब्दुल कलाम जैसे महापुरुषों के बारे में अधिक से अधिक प्रतियोगिताएँ और क्विज़ का आयोजन होना चाहिए ताकि देश का भविष्य अपने गौरवशाली इतिहास व उसमें योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के जीवन की जानकारी पा सके और उनसे प्रेरित हो सके। कार्यक्रम का संचालन नेहा कुमारी ने किया। स्कूल के छात्र सिमरन, तनिष्का, अनामिका, प्रतीक्षा, आफ़रीन, मीठी इत्यादि ने अपने संभाषण में देश की दोनों विभूतियों के जीवन पर प्रकाश डाल; देश को उनका ऋणी बताया। अंत में देश के बलिदानी क्रांतिकारियों के नाम के नारे लगाते हुए; स्कूल के आसपास कॉलोनी मे एक रैली का आयोजन हुआ जिसका नेतृत्व ईशान गौड़ और सिमरन ने किया।