बच्चों को पढ़ाने-लिखाने से समाज में ईर्षा और द्वेष की भावना कम होती है:- सांसद अतुल गर्ग

साहिबाबाद: ग़ाज़ियाबाद के सांसद श्री अतुल गर्ग ने “कर्वोत्सव 2025” मेला के उद्घाटन पर अपने संबोधन में कहा, “बच्चों को पढ़ाने-लिखाने से समाज में ईर्षा और द्वेष की भावना कम होती जा रही है! जब वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा मिलती है, तो उन्हें यह महसूस होता है कि समाज ने उन्हें अकेला नहीं छोड़ा है। शिक्षा के माध्यम से हम समाज में समानता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा दे सकते हैं।”

यह कार्यक्रम राजेंद्र नगर सेक्टर-3 स्थित स्वामी विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर में नव चेतना महिला मंच द्वारा आयोजित किया गया था। इस अवसर पर श्री गर्ग ने संस्था के साक्षरता केंद्र में कंप्यूटर उपलब्ध कराने का भी वादा किया, ताकि बच्चों को डिजिटल शिक्षा का लाभ मिल सके।

श्री गर्ग ने साक्षरता केंद्र द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और यह भी कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नव चेतना महिला मंच का योगदान अद्वितीय है। संस्था द्वारा संचालित साक्षरता केंद्र में 250 से ज्यादा बच्चों को मुफ्त शिक्षा, वर्दी, पाठ्य सामग्री प्रदान की जाती है।

मेले का आयोजन प्रभारी शालिनी गुप्ता, सहप्रभारी एकता रुस्तगी, प्रीति गोयल और पूजा शर्मा ने नव चेतना महिला मंच की अध्यक्षा वर्षा गोयल के कुशल नेतृत्व में किया।

मेले की शुरुआत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। इसके बाद बच्चों और विद्यालयों के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसमें समूह नृत्य, पंजाबी डांस, योग, म्यूज़िकल एक्ट और सोशल मीडिया पर आधारित नाटक शामिल थे। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में तम्बोला और लकी ड्रा का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को आकर्षक उपहार दिए गए।

मेले में चाट-पकोड़ी, टिक्की, पाव भाजी, मूंग दाल चीला, छोले भठूरे, केक, चाय, कॉफी, आइसक्रीम और कुल्फी जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगे थे। इसके अलावा हैंडमेड गिफ्ट्स, सजावटी कलाकृतियाँ, ज्वेलरी, ब्यूटी प्रोडक्ट्स, स्टेशनरी, दिवाली और करवा चौथ के उपहार, रेडीमेड कपड़े और होममेड आचार के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने।

नव चेतना महिला मंच की शिक्षिकाओं द्वारा लगाए गए मनोरंजक खेलों के स्टॉल और साक्षरता केंद्र के बच्चों द्वारा बनाए गए दीपों का स्टॉल भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा।

नव चेतना महिला मंच पिछले 27 वर्षों से साहिबाबाद में सक्रिय रूप से सामाजिक कार्य कर रही है। इस संस्था का प्रमुख उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को शिक्षा, जागरूकता और सहायता प्रदान करना है। मेला से प्राप्त धनराशि का उपयोग साक्षरता केंद्र के बच्चों की शिक्षा और अन्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने में किया जाएगा।

Comments