राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का किया उद्घाटन

गाजियाबाद:- स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में गाजियाबाद के लिए रविवार, 26 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का विधिवत उद्घाटन किया। आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित यह अस्पताल उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य अनुसंधान का केंद्र भी बनेगा। यहाँ एक ही छत के नीचे विभिन्न जटिल रोगों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा उपलब्ध होगी। अस्पताल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. पी.एन. अरोड़ा ने अपनी माता यशोदा देवी की स्मृति में इस अस्पताल का निर्माण कराया है। उन्होंने बताया कि उनकी माता का निधन कैंसर से हुआ था। उनकी पीड़ा को करीब से देखने के बाद उन्होंने संकल्प लिया कि गाजियाबाद और आसपास क्षेत्र के मरीजों को कैंसर जैसे जटिल रोगों के लिए दिल्ली पर निर्भर न रहना पड़े। इसी उद्देश्य से विश्वस्तरीय उपचार सुविधाओं से युक्त यह अस्पताल स्थापित किया गया है। उद्घाटन कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 11:20 बजे अस्पताल पहुँचीं और लगभग एक घंटे तक यहां रहीं। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर का निरीक्षण किया और चिकित्सकीय स्टाफ से बातचीत करते हुए उनके साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाई। यशोदा मेडिसिटी के शुरू होने से गाजियाबाद और एनसीआर के नागरिकों को उन्नत, व्यवस्थित और सहज स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।