गाजियाबाद। हाल ही भारत सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जीएसटी के दो स्लैबों को खत्म करने की घोषणा कर आम आदमी को तोहफा दिया है। अब तक जीएसटी के चार स्लैब थे जिनमें 5%, 12%, 18, और 28% टैक्स का प्रावधान था। अब सरकार ने 12% और 28% वाले स्लैब को खत्म कर दिया है। जिसके अंर्तगत 12 % टैक्स की जगह अब 5% और 28 प्रतिशत टैक्स की जगह 18 प्रतिशत टैक्स लागू होगा। इसके अलावा नशे वाले पदार्थ और लक्जरी चीजों पर 40 प्रतिशत टैक्स लागू होगा। यह नई दरें 22 सितंबर से लागू होंगी।
जीएसटी में कटौती को गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी आरडब्लूए की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने राहत भरा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आम आदमी पर बढ़ रहे मंहगाई के बोझ को कम करने का काम किया है। इससे आम आदमी को उसकी जेब पर पड़ रहे बोझ से राहत मिलेगी। इसके अलावा दवाइयों पर टैक्स कम करने और जीवन रक्षक दवाइयों पर टैक्स शून्य करने, दूध उत्पादों पर टैक्स खत्म करने, हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस पर टैक्स खत्म करने से आम आदमी को काफी राहत मिलेगी। रश्मि चौधरी ने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं के सस्ते होने से रसोई का बजट भी नहीं बिगड़ेगा।
Comments
Post a Comment