गाजियाबाद। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर इंग्राहम स्कूल (गाजियाबाद) के वर्ष 1979 बैच के पूर्व छात्रों ने अपने पूज्यनीय गुरुजन श्री मुकुंद स्वरूप शर्मा जी एवं श्री महिपाल त्यागी जी से उनके गाजियाबाद स्थित आवास पर भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस भावुक मिलन समारोह में पूर्व छात्रों ने केक काटकर शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें यादगार उपहार भेंट किए।
कार्यक्रम के दौरान सभी पूर्व छात्रों ने अपने स्कूली जीवन की सुनहरी यादों को साझा किया और गुरुजनों के शिक्षा व संस्कारों को आज भी अपने जीवन का मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि हमारे व्यक्तित्व निर्माण में इन दोनों शिक्षकों की भूमिका अमिट रही है।
इस मिलन समारोह में प्रदीप चौधरी, सुनीत अग्निहोत्री, संजय रैना, पंकज अग्रवाल, प्रद्युम्न शर्मा, पुष्पा पांडे, पूजा सिंह समेत कई सहपाठी शामिल रहे। सभी ने बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए गुरुजनों के साथ बिताए गए पलों को फिर से जीवंत किया।
आदरणीय श्री मुकुंद स्वरूप शर्मा जी ने इस अवसर पर भावुक होते हुए कहा:
"एक शिक्षक के लिए इससे बड़ा संतोष और क्या हो सकता है कि उसके विद्यार्थी वर्षों बाद भी उसे याद रखें और इस आत्मीयता से मिलने आएं। यह मेरे लिए अत्यंत गौरव का क्षण है।"
श्री महिपाल त्यागी जी ने अपने आशीष्वचन में कहा:
"विद्यार्थियों की सफलता और उनका प्रेम ही शिक्षक की असली कमाई होती है। आप सबका समर्पण और स्नेह देखकर हृदय अभिभूत हो गया। आप सब जीवन में निरंतर प्रगति करें – यही आशीर्वाद है।"
यह आयोजन गाजियाबाद की शिक्षण परंपरा और गुरु-शिष्य के अटूट संबंध का एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया। उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल को अनुकरणीय बताया और भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।
Comments
Post a Comment