भगत सिंह की जन्म जयंती पर गोष्ठी और रैली का आयोजन

भगत सिंह की जन्म जयंती पर गोष्ठी और रैली का आयोजन 
साहिबाबाद:- श्याम पार्क मेन स्थित आर्यन जूनियर हाई स्कूल के प्रांगण में रामकली- प्यारेलाल जन सेवा पीठ के संयोजन में अमर शहीद भगत सिंह की जन्म जयंती पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया तथा गोष्ठी के बाद स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एक रैली निकाली। कार्यक्रम का आयोजन आरडब्लूए श्याम पार्क मेन सोसाइटी द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्कृत के विद्वान, लेखक और पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. विशनलाल गौड़ व्योमशेखर को सिख समाज की ओर से पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरडब्लूए के अध्यक्ष एस.पी. सिंह चौहान ने की तथा संचालन आरडब्लूए के सचिव राजेश सिंह ने किया।
      कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीद भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। स्कूल की छात्रा सिमरन ने देशभक्ति की कविता प्रस्तुत की तथा तनिष्का त्रिपाठी ने अंग्रेजी में सरदार भगत सिंह पर अपने विचार व्यक्त किये, आनंद पटेल ने अमर शहीद भगत सिंह के विषय में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। स्कूल की अध्यापिका सिमरन बर्टवाल, बबली, अन्नु शर्मा तथा प्रीति ने गोष्ठी का संचालन किया। ईशान गौड़ और संजीव गौड़ ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
      पूर्व प्रधानाचार्य डाॅ. विशनलाल गौड़ ने इस अवसर पर अपने कविता संग्रह पुस्तक *निशांत वीणा* अतिथियों को भेंट की। उन्होंने 90 साल की उम्र में *सरफरोशी की तमन्ना आज हमारे दिल में है....* गीत गाकर सभी में जोश भर दिया। 
     आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एस.पी. चौहान ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह खूब मेहनत से पढ़ें जो विषय समझ नहीं आता है उसे अपने अध्यापकों से पूछे और फिर भी समझ नहीं आता है तो जब तक पूछे जब तक उन्हें समझ में ना आ जाए। इसके अलावा वे कोई ऐसा काम ना करें जिससे राष्ट्र को कोई क्षति पहुंचे। वे मेहनत से पढ़ें और आगे बढ़े तथा भगत सिंह के सपनों को पूरा करें ,जिससे स्कूल, कॉलोनी ,जिले और राष्ट्र का नाम ऊंचा हो।
इस अवसर पर डॉ. विशनलाल गौड़ , आरडब्लूए के अध्यक्ष एस.पी. चौहान, सचिव राजेश कुमार सिंह, व्यापार मंडल के अध्यक्ष महिपाल सिंह, भाजपा के नेता राजकुमार खन्ना, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार शर्मा, रवि पांडे, कांग्रेस महानगर कमेटी के महासचिव सरदार जगतार सिंह भट्टी, भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री रचना शंकर, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गीता शर्मा के अलावा सिमरन बर्टवाल, बबली, अनु शर्मा, प्रीति, ईशान गौड़, संजीव गौड़ आदि विशेष रूप से उपस्थित थे। 
   गोष्ठी का समापन राष्ट्र- गीत से हुआ। तदुपरांत स्कूल के छात्राओं ने शहीद-ए-आजम भगतसिंह, इंकलाब जिन्दाबाद के नारों के साथ कालोनी में एक रैली निकाली। रैली का नेतृत्व ईशान गौड़ ने किया।