क्राइम ब्रांच ने ₹1.25 करोड़ के बड़े ज़मीन घोटाले में 2 प्रॉपर्टी डीलरों को गिरफ़्तार कर चार्जशीट दाख़िल की
जम्मू, 30 सितम्बर: क्राइम ब्रांच ने कठुआ के दो प्रॉपर्टी डीलरों को ₹1.25 करोड़ के बड़े ज़मीन घोटाले में गिरफ़्तार कर उनके ख़िलाफ़ चार्जशीट दाख़िल की है।
गिरफ़्तार और चार्जशीट किए गए प्रॉपर्टी डीलरों की पहचान देविंदर सिंह पुत्र जय सिंह निवासी वार्ड नं. 10 कठुआ और अनिल कुमार पुत्र बिशम्बर दास निवासी बैरा, कठुआ के रूप में हुई है।
साल 2024 में पठानकोट (पंजाब) निवासी जसविंदर सिंह और जम्मू के ग्रेटर कैलाश निवासी विरेन्द्र शर्मा की लिखित शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ताओं ने बताया था कि वे "ट्रांसवर्ल्ड इन्फ्रा डेवलपर्स एंड बिल्डर्स" नामक फर्म में साझेदार हैं और कठुआ में एक यूनिट स्थापित करना चाहते थे। इसी दौरान आरोपी देविंदर सिंह और अनिल कुमार उनसे मिले और दावा किया कि उनके पास गाँव गोविंदसर, कठुआ में 270 कनाल ज़मीन है। आरोपियों ने ज़मीन के स्वामित्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर वह ज़मीन बेचने का झूठा दावा किया और शिकायतकर्ताओं से ₹1.25 करोड़ की ठगी की।
जांच के दौरान आरोपियों के ख़िलाफ़ अपराध सिद्ध हो गया। उन्हें गिरफ़्तार किया गया और आज विशेष मोबाइल मजिस्ट्रेट कठुआ की अदालत में चार्जशीट पेश की गई।
इससे पहले भी, आरोपी देविंदर सिंह के ख़िलाफ़ वर्ष 2020 में पुलिस स्टेशन कठुआ में एफआईआर संख्या 323/2020 धारा 120-बी, 323, 415, 417, 419, 420, 426, 447, 465, 467, 468, 471, 506 आईपीसी के अंतर्गत दर्ज की गई थी। उस मामले में भी अपराध सिद्ध हुआ था और चालान अदालत में पेश किया गया था।
एसएसपी क्राइम जम्मू, बेनाम तोश ने पुष्टि की कि आरोपीओं के ख़िलाफ़ एफआईआर संख्या 24/2024 धारा 420, 465, 467, 468, 120-बी आईपीसी, पुलिस स्टेशन क्राइम ब्रांच ईओडब्ल्यू जम्मू में दर्ज केस में गिरफ़्तार कर अदालत में चार्जशीट दाख़िल कर दी गई है, ताकि मामले का न्यायिक निपटारा हो सके।